लेह, 20 जून भारत-चीन गतिरोध को लेकर 'बेहद आपत्तिजनक' ऑडियो क्लिप को लेकर लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी)-करगिल के एक पार्षद को शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस ऑडियो में भारत-चीन के बीच हाल में हुई हिंसक झड़प के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना का मजाक उड़ाया गया है। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि करगिल जिले में शकर क्षेत्र से पार्षद जाकिर हुसैन के खिलाफ यह कार्रवाई शुक्रवार को पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के बाद की गई है।
उन्होंने बताया कि पार्षद ने हालांकि अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
यह भी पढ़े | टी-शर्ट पहनकर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में पेश हुआ वकील, अदालत ने लगाई फटकार.
हुसैन लंबे से समय से कांग्रेस के कार्यकर्ता थे और इस मुद्दे पर पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है।
एलएएचडीसी लेह और करगिल ने कहा कि लद्दाख की पूरी आबादी देशभक्त रही है और देश की संप्रभुता की रक्षा में हमेशा पूरी तरह से सेना के साथ रही है।
ऑडियो क्लिप में पार्षद को प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक का इस्तेमाल करते हुए और चीन के साथ हुए गतिरोध को लेकर सेना का मजाक उड़ाते हुए सुना जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY