तिरुवनंतपुरम, 12 फरवरी केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 10वीं कक्षा के एक छात्र को उसके घर से कार सवार युवकों के एक गिरोह द्वारा कथित तौर पर अगवा किए जाने के कुछ ही घंटों बाद मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 30 वर्ष से कम उम्र के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और छात्र के अपहरण के लिए उनके द्वारा किराए पर ली गई कार भी जब्त कर ली गई है। छात्र को एक रबर बागान से अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया गया।
पुलिस ने कहा कि मंगलवार रात को 15 वर्षीय छात्र के अपहरण ने पुलिस कर्मियों को सकते में डाल दिया था।
परिवार के सदस्यों के हवाले से पुलिस ने बताया कि चार सदस्यीय गिरोह मंगलापुरम स्थित उनके आवास पर पहुंचा था, जहां से शाम 7.45 बजे छात्र का अपहरण कर लिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने गिरोह और अपहृत लड़के का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया, ‘‘मोबाइल फोन नंबरों और टावर लोकेशन के आधार पर की गई जांच से रात में गिरोह का पता लगाने में मदद मिली और लड़के को सुरक्षित बचा लिया गया।’’
उन्होंने बताया कि अपहृत लड़का अपहरणकर्ताओं को जानता था और उनके बीच कुछ आपसी विवाद के कारण यह घटना घटी।
अधिकारी ने बताया कि ऐसा बताया जा रहा है कि एक आरोपी को लड़के और एक दूसरी लड़की के बीच की दोस्ती पसंद नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY