देश की खबरें | केरल पुलिस ने ‘यहोवा के साक्षी’ को मिली धमकियों के मामले की जांच शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल पुलिस ने ‘यहोवा के साक्षी’ के जनसंपर्क अधिकारी की, धमकी भरा अंतरराष्ट्रीय फोन कॉल आने संबंधी शिकायत की जांच शुरू कर दी है।
कोच्चि, 14 मई केरल पुलिस ने ‘यहोवा के साक्षी’ के जनसंपर्क अधिकारी की, धमकी भरा अंतरराष्ट्रीय फोन कॉल आने संबंधी शिकायत की जांच शुरू कर दी है।
‘यहोवा के साक्षी’ ईसाईयों का एक संप्रदाय है। यह एक वैश्विक धार्मिक संगठन है जो ईश्वर को ‘यहोवा’ कहता है।
फोन करने वाले ने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि कलमस्सेरी सिलसिलेवार विस्फोट मामले में आरोपियों के खिलाफ गवाही देने वाले समूह के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी।
कलमस्सेरी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने उन सभी सम्मेलनों और प्रार्थना कक्षों में बम लगाने की भी धमकी दी जहां पीआरओ धार्मिक सेवाएं आयोजित करते हैं।
पुलिस ने पुष्टि की कि पीआरओ ने बताया कि उन्हें 12 मई को रात 9.57 बजे मलेशिया के एक नंबर से कॉल आया था।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।
यह धमकी ऐसे समय में दी गई है जब अक्टूबर 2023 में यहां कलमस्सेरी में ‘यहोवा के साक्षियों’ की एक सभा के दौरान हुए विस्फोटों के संबंध में मुकदमा शुरू होने वाला है। इस घटना में आठ लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।
धमाकों के कुछ घंटों बाद डोमिनिक मार्टिन नामक व्यक्ति ने त्रिशूर जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। मार्टिन कथित तौर पर समूह का पूर्व सदस्य है और उसने हमले की जिम्मेदारी ली थी। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
‘यहोवा के साक्षी’ ईसाई धर्म का एक संप्रदाय है जो उन्नीसवीं शताब्दी में चार्ल्स टेज़ रसेल द्वारा स्थापित बाइबिल स्टूडेंट आंदोलन से उपजा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)