देश की खबरें | जयपुर: केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

जयपुर, 22 मार्च दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

पुलिस ने आप के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया।

आप के कार्यकर्ताओं ने जिस समय विरोध प्रदर्शन किया उस समय भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

आप कार्यकर्ता पार्टी के ज्योति नगर स्थित कार्यालय से मार्च करते हुए भाजपा के प्रदेश मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को भाजपा मुख्यालय जाने से रोकने की कोशिश की लेकिन जब कार्यकर्ता नहीं रुके तो पुलिस ने बल प्रयोग किया।

उल्लेखनीय है कि केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था।

आप के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र को खत्म करने में लगी हुई है और लोकसभा चुनाव से पहले वह जनता की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। पालीवाल ने कहा कि यही कारण है कि उन्होंने देश के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता और देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि आज पार्टी कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय के बाहर गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन करने आए थे, लेकिन राजस्थान की भाजपा सरकार के दबाव में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now