तिरुवनंतपुरम, 11 जनवरी शशि थरूर समेत केरल के कुछ कांग्रेस कुछ सांसदों का ध्यान प्रदेश की राजनीति पर होने के संकेतों के बीच पार्टी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन की उसकी अपनी सांगठनिक प्रणाली है और केवल इसी (प्रणाली) से तय होगा कि आगामी चुनाव किसे लड़ना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव और केरल के प्रभारी तारिक अनवर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सांसदों का खुद अपनी उम्मीदवारी के बारे में बयान देना उचित नहीं है।
वह इस तरह की खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि कई सांसद 2024 के लोकसभा चुनाव में पुन: उम्मीदवारी के इच्छुक नहीं हैं। ये भी खबरें थीं कि राज्य के अनेक पार्टी सांसद केरल लौटना चाहते हैं और 2026 के राज्य विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाना चाहते हैं।
अनवर ने कहा कि राज्य निर्वाचन समिति फैसला करेगी कि चुनाव कौन लड़ेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सही नहीं है। हमें देखना चाहिए कि पार्टी में प्रत्याशियों के चयन के लिए कुछ प्रक्रियाएं हैं। उसी हिसाब से यह होना चाहिए। यही मेरा सुझाव है।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद थरूर ने हाल में संकेत दिया था कि वह राज्य की राजनीति पर अधिक ध्यान देंगे। इसके मद्देनजर पार्टी महासचिव के बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
थरूर की मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा संबंधी खबरों पर संवाददाताओं के सवाल के जवाब में पार्टी के युवा सांसद हीबी ईडन ने आज कहा कि इस पद के लिए कोई भी अपनी इच्छा प्रकट कर सकता है, लेकिन इस पर फैसला आलाकमान को करना है।
उन्होंने कोच्चि में संवाददाताओं से कहा, ‘‘थरूर मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनने की इच्छा जता सकते हैं, लेकिन पार्टी ने अभी तक उन्हें इस पद के लिए नामित नहीं किया है।’’
थरूर ने सोमवार को कोट्टयम में ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च के प्रमुख बेसेलियस मार्थोमा मैथ्यूज तृतीय से मुलाकात की थी। कांग्रेस सांसद ने कहा कि सिविल सोसायटी के सदस्य उनसे केरल पर ध्यान केंद्रित करने को कह रहे हैं।
थरूर ने कहा था, ‘‘जब सभी मुझसे केरल में अपने काम पर ध्यान देने को कह रहे हैं तो मैं उन्हें मना कैसे कर सकता हूं? हां, मैं करना चाहूंगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY