विदेश की खबरें | इजराइल ने रॉकेट दागे जाने के जवाब में दक्षिण लेबनान में हमले किये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. इजराइल ने ये हमले ऐसे समय में किये हैं, जब उसके और फलस्तीन के बीच तनाव बढ़ा हुआ है।
इजराइल ने ये हमले ऐसे समय में किये हैं, जब उसके और फलस्तीन के बीच तनाव बढ़ा हुआ है।
इजराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सोमवार तड़के उत्तरी इजराइल में एक खुले स्थान पर रॉकेट गिरा। हालांकि इससे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
सेना ने कहा कि इसके कुछ देर बाद उसने दक्षिण लेबनान में एक स्थान को निशाना बनाकर हमला किया है।
इजराइल पर रॉकेट दागे जाने की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली, लेकिन सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रैन कोचव ने इजराइली आर्मी रेडियो को बताया कि उन्हें लगता है कि लेबनान में मौजूद फलस्तीनी उग्रवादियों ने यह हमला किया।
लेबनान की सेना ने कहा कि कम से कम 50 तोप के गोले सोमवार तड़के लेबनान के दक्षिणी इलाकों में आकर गिरे, लेकिन किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है। इसने कहा कि इज़राइल ने 40 फ्लेयर बम भी दागे हैं।
सेना ने यह भी कहा कि विशेष लेबनानी इकाइयों ने अल-कुलैला शहर में मिले दो 122-एमएम ग्रैड रॉकेट प्रणाली को नष्ट कर दिया।
इज़राइल और लेबनान के उग्रवादी हिज़्बुल्ला समूह दुश्मन हैं, जिनके बीच 2006 में युद्ध हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)