देश की खबरें | लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए क्या कोई एआई सॉफ्टवेयर है : अदालत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने हाल ही में पुलिस से पूछा कि क्या मानसिक बीमारी सहित विभिन्न कारणों से लापता हुए व्यक्तियों का पता लगाने के लिए कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सॉफ्टवेयर है।
नयी दिल्ली, 11 मार्च दिल्ली उच्च न्यायालय ने हाल ही में पुलिस से पूछा कि क्या मानसिक बीमारी सहित विभिन्न कारणों से लापता हुए व्यक्तियों का पता लगाने के लिए कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सॉफ्टवेयर है।
न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह एवं न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा की पीठ ने फरवरी में पारित आदेश में दिल्ली पुलिस को इस मामले पर हलफनामा दायर करने को कहा था।
अदालत का यह आदेश एक व्यक्ति द्वारा दायर याचिका पर आया, जिसने कहा था कि उसके पिता 17 फरवरी, 2023 से लापता हैं।
पीठ ने कहा, ‘‘राज्य सरकार एक संक्षिप्त हलफनामा पेश करे, जिसमें यह बताया जाए कि क्या कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता सॉफ्टवेयर है, जिसका उपयोग दिल्ली पुलिस ऐसे लापता व्यक्तियों के ठिकाने की पुष्टि करने और जांच करने के लिए कर सकती है या कर चुकी है, जो अस्थिर चिकित्सा स्थिति सहित विभिन्न कारणों से लापता हो गए हैं।’’
अदालत ने पुलिस की स्थिति रिपोर्ट का अवलोकन किया, जिसमें कहा गया था कि याचिकाकर्ता के पिता का कोई सुराग नहीं मिला है, जबकि अपेक्षित प्रक्रियाएं अपनायी गई थीं, जिसमें उनकी तस्वीरें क्षेत्रीय एकीकृत पुलिस नेटवर्क पर साझा करना शामिल है।
दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि अपराध शाखा के पास आमतौर पर ऐसे एआई सॉफ्टवेयर होते हैं।
मामले की सुनवायी 18 मार्च को करना निर्धारित करते हुए अदालत ने कहा कि यदि ऐसा कोई एआई सॉफ्टवेयर है, तो लापता व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)