जरुरी जानकारी | भारत की जी-20 अध्यक्षता उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का एक बेहतर अवसर: कराड
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री भागवत कराड ने बुधवार को कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता सदस्य देशों के सभी युवाओं की ‘नेटवर्किंग’ के माध्यम से उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का एक बेहतर अवसर है।
नयी दिल्ली, 12 जुलाई केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री भागवत कराड ने बुधवार को कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता सदस्य देशों के सभी युवाओं की ‘नेटवर्किंग’ के माध्यम से उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का एक बेहतर अवसर है।
उन्होंने यह भी कहा कि बेरोजगारी की समस्या का उपयुक्त समाधान उद्यमिता है और सरकार युवा उद्यमियों को बाजार से जोड़ने के लिये हरसंभव समर्थन दे रही है।
‘समावेशी उद्यमशीलता-युवा उद्यमियों के साथ बातचीत’ विषय पर यहां आयोजित वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कराड ने कहा, ‘‘...भारत की जी-20 अध्यक्षता सदस्य देशों के सभी युवाओं की ‘नेटवर्किंग’ के माध्यम से उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का एक बेहतर अवसर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘...सही मायने में बेरोजगारी से लड़ने के लिए उद्यमिता ही उपयुक्त समाधान है और सरकार युवा उद्यमियों को अधिक से अधिक बाजारों से संपर्क बढ़ाने को लेकर हरसंभव सहायता कर रही है। ’
भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (बीवाईएसटी) और फ्यूचरप्रेन्योर, जी-20 वाईए कनाडा द्वारा आयोजित सम्मेलन में उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘रेहड़ी पटरी वालों की मदद के लिये शुरू की गयी पीएम स्वनिधि योजना, नए उद्यमियों के लिये पीएम मुद्रा योजना, स्टार्ट अप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी विभिन्न योजनाएं स्टार्टअप परिवेश को समर्थन देने को लेकर शुरू की गयी हैं।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘यहां के युवा उद्यमी ऐसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं जो रोजगार के अवसरों को बढ़ाएंगे और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में मूल्य श्रृंखलाओं में विविधता लाएंगे... हमें दुनियाभर में बेहतर आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने की जरूरत है।’’
कराड ने यह भी कहा कि युवा उद्यमियों के लिये कारोबार की लागत को कम करने के लिये वैश्विक समुदाय को मिलकर कदम उठाने की जरूरत है।
इसी कार्यक्रम में मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन ने कहा, ‘‘उद्यमियों की सफलता दर 10 से 20 प्रतिशत के बीच है। इसीलिए, जो प्रयास करते हैं, उन्हें भी उतनी ही मान्यता मिलनी चाहिए जितना वे जो प्रयास करते हैं और सफल होते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक अध्ययन के अनुसार, यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) प्रणाली कर्ज परिवेश को बेहतर बनाने में मदद कर रही है क्योंकि यह बैंकों को छोटे उद्यमियों के व्यवहार के बारे में जानकारी प्रदान करती है। यह सूचना प्रवाह बैंकों को अपना ऋण बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगा...।’’
मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा कि नौकरी चाहने वालों को नौकरी देने वाला बनाना सरकार का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है, क्योंकि इसके कई फायदे हैं। यह नौकरी बाजार पर दबाव से राहत देता है।
बीवाईएसटी की संस्थापक और प्रबंध न्यासी लक्ष्मी वेंकटरमण वेंकटेशन ने कहा, ‘‘भारत जैसे देश में विशेषकर वंचित समुदायों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए समावेशी वृद्धि को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘युवा बेरोजगारी और अन्य संबंधित समस्याओं से निपटने के लिये आम सहमति-आधारित समाधान, संबद्ध पक्षों के बीच सहयोग... एमएसएमई परिवेश के लिये सीमा पार चुनौतियों को कम करना भारत और विकासशील देशों के लिये महत्वपूर्ण है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)