विदेश की खबरें | भारत-श्रीलंका संबंध प्रधानमंत्री मोदी की ‘पड़ोस प्रथम’ नीति से दिशानिर्देशित:विक्रमसिंघे और मुरुगन

कोलंबो, 11 फरवरी श्रीलंकाई राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और श्रीलंका की यात्रा पर आये सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने यहां शनिवार को कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘पड़ोस प्रथम’ की नीति से दिशानिर्देशित हो रही है।

विक्रमसिंघे और मुरुगन ने जाफना में मुलाकात की और भारत द्वारा वित्त पोषित ‘कल्चरल सेंटर’ श्रीलंका के लोगों को समर्पित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच साझेदारी प्रधानमंत्री मोदी की ‘पड़ोस प्रथम नीति’ से दिशानिर्देशित हो रही है।

यह नीति भारतीय विदेश नीति का एक अभिन्न हिस्सा है। यह भारत के दक्षिण पूर्वी एशियाई पड़ोसी देशों के साथ अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तथा शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में सौहार्द्रपूर्ण और तालमेल पूर्ण संबंध बनाने पर जोर देता है।

इस अवसर पर विक्रमसिंघे ने कहा, ‘‘यह प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया एक तोहफा है। मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहूंगा। यह भारत-श्रीलंका साझेदारी की एक विशेषता बनी रहेगी।’’

इस केंद्र की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2015 में रखी थी। इसमें एक संग्रहालय, 600 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था वाला एक अत्याधुनिक सभागार, 11 मंजिला ‘लर्निंग टावर’ जैसी सुविधाएं होंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)