देश की खबरें | ‘‘नाटु नाटु’’ गीत को गोल्डन ग्लोब पुरस्कार मिलने से भारत गौरवान्वित हुआ: फिल्मी हस्तियों ने कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और चिरंजीवी जैसी फिल्मी हस्तियों ने गोल्डन ग्लोब में लोकप्रिय गीत ‘‘नाटु नाटु’’ को पुरस्कार मिलने पर एस. एस. राजामौली और फिल्म ‘‘आरआरआर’’ की टीम को बुधवार को बधाई दी।

नयी दिल्ली, 11 जनवरी अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और चिरंजीवी जैसी फिल्मी हस्तियों ने गोल्डन ग्लोब में लोकप्रिय गीत ‘‘नाटु नाटु’’ को पुरस्कार मिलने पर एस. एस. राजामौली और फिल्म ‘‘आरआरआर’’ की टीम को बुधवार को बधाई दी।

इन हस्तियों ने कहा कि ‘‘आरआरआर’’ की टीम ने भारत को गौरवान्वित किया है।

‘आरआरआर’ ने पहली बार 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम किया।

इस श्रेणी में ‘नाटु नाटु’ ने टेलर स्विफ्ट के गीत ‘कैरोलिना’, ग्रेगोरी मान के ‘चाओ पापा’, लेडी गागा के ‘होल्ड माय हैंड’, फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर’ के गीत ‘लिफ्ट मी अप’ को मात दी।

तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और इसे काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने स्वर दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब ‘नाचना’ होता है।

बच्चन ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘बधाई आरआरआर, गोल्डन ग्लोब अवार्ड जीतने के लिए.. सबसे अच्छी उपलब्धि।’’

खान ने भी फिल्मकार राजामौली और ‘आरआरआर’ टीम को बधाई दी।

खान ने ट्वीट किया, ‘‘सर अभी उठा और गोल्डन ग्लोब में आपकी जीत का जश्न मनाते हुए ‘नाटु नाटु’ पर नाचना शुरू कर दिया। कई और पुरस्कार हैं और भारत को इतना गौरवान्वित कर रहे हैं।’’

"आरआरआर" अभिनेता राम चरण के पिता चिरंजीवी ने गोल्डन ग्लोब में फिल्म के गीत को पुरस्कार मिलने को "ऐतिहासिक उपलब्धि" बताया।

उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘क्या ऐतिहासिक उपलब्धि है! टीम आरआरआर और राजामौली को हार्दिक बधाई टीम! भारत को आप पर गर्व है! नाटु नाटु।’’

हालांकि सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में यह फिल्म अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना 1985’ से पिछड़ गई।

फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता अजय देवगन ने भी फिल्म की टीम को बधाई दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\