जरुरी जानकारी | भारत, आयरलैंड मजबूत व्यापार संबंधों के लिए संयुक्त आर्थिक आयोग स्थापित करने पर सहमत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

(तस्वीरों के साथ)

लंदन, सात मार्च भारत और आयरलैंड द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी संबंधों को बढ़ाने के लिए एक संयुक्त आर्थिक आयोग (जेईसी) स्थापित करने पर सहमत हो गए हैं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को डबलिन में आयरलैंड के विदेश मंत्री साइमन हैरिस से मुलाकात के बाद यह घोषणा की।

विदेश मामलों के विभाग में हुई इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-आयरिश साझेदारी को बढ़ाने के लिए एक ‘कार्य योजना’ भी तय की।

जयशंकर 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के बाद आयरलैंड की यात्रा करने वाले पहले भारतीय विदेश मंत्री हैं।

जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की, जिसमें संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए एक नई कार्य योजना भी शामिल है।

उन्होंने कहा, "हमारे व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी संबंधों को बढ़ाने के लिए एक संयुक्त आर्थिक आयोग स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की गई।"

इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने वैश्विक स्तर पर हाल के घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया, अफगानिस्तान और हिंद-प्रशांत क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा भारत-यूरोपीय संघ सहयोग और बहुपक्षवाद के बारे में भी बातचीत हुई।

आयरलैंड सरकार ने एक बयान में कहा कि जेईसी का गठन होने के बाद यह आंतरिक सहयोग और समन्वय को बढ़ाने और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक के साथ समान विचारधारा वाली साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक माध्यम के रूप में काम करेगा।

हैरिस ने अपने बयान में कहा, "द्विपक्षीय व्यापार पहले से ही 16 अरब यूरो पर है। हम वृद्धि, निवेश और सहयोग के हर अवसर को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\