हैदराबाद, पांच जून विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को कहा कि दवाओं, टीकों और नैदानिक सेवाओं को समान रूप से जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए भारत सभी देशों को शामिल करते हुए एक प्रभावी चिकित्सा उपाय ढांचा विकसित करने की मजबूत स्थिति में है।
भारत ने जी-20 की अपनी अध्यक्षता के तहत कोविड जैसी महामारी की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चिकित्सा उपाय समन्वय मंच का प्रस्ताव किया है।
जिनेवा में डब्ल्यूएचओ स्वास्थ्य आपातकालीन कार्यक्रम के कार्यकारी निदेशक डॉ. माइकल रेयान ने कहा कि भारत के नेतृत्व में इस बैठक में स्वास्थ्य और महामारी संबंधी तैयारियों का भविष्य मजबूत है।
वह यहां चार से छह जून तक आयोजित तीसरी जी-20 स्वास्थ्य कार्य समूह की बैठक में भाग ले रहे हैं।
रेयान ने कहा, ‘‘हम महामारी संबंधी तैयारी और कदमों तथा भविष्य के उपाय पर चर्चा कर रहे हैं ताकि हम सभी अगली महामारी से बेहतर तरीके से निपट सकें।’’
उन्होंने कहा, "जी20 का नेतृत्व करते हुए भारत इस मुद्दे को उजागर कर रहा है और इस बारे में बात कर रहा है कि हम चिकित्सा उपायों पर एक साथ कैसे काम करें- हम कैसे बेहतर टीके और दवाएं बनाएं, हम उन्हें लोगों तक कैसे पहुंचाएं, और हम कैसे पूरी प्रणाली को निष्पक्ष बनाएं ताकि जिन लोगों को वास्तव में चीजों की जरूरत है, उन्हें वे जल्द से जल्द प्राप्त हों।"
रेयान ने कहा, ‘‘भारत ऐसा करने की मजबूत स्थिति में है।’’
उन्होंने कहा कि भारत के पास शानदार विज्ञान-आधारित उत्कृष्ट नवाचार क्षमताएं हैं, दवाओं के साथ-साथ टीकों के लिए एक विशाल विनिर्माण आधार है और इस संबंध में उसकी वैश्विक भूमिका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने भारत की जी20 अध्यक्षता की तीन स्वास्थ्य प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘अगली महामारी वैश्विक संधि करने के लिए हमारा इंतजार नहीं करेगी। यह सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है कि अगली महामारी के समय हम पर्याप्त रूप से तैयार दिखें क्योंकि अरबों लोगों का जीवन और आजीविका दांव पर होगी, इसलिए हमें तत्परता से कार्य करना चाहिए।’’
उन्होंने सभी पक्षों से भारत की अध्यक्षता के तहत ‘एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य’ थीम पर एक साथ आने और काम करने का आग्रह किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY