देश की खबरें | कोलकाता मेट्रो के सियालदह स्टेशन का उद्घाटन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के सियालदह मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया, जो कोलकाता के उपनगरों में रहने वाले लोगों को बिना परेशानी के सेक्टर 5 के आईटी केंद्र तक पहुंचने में मदद करेगा।
हावड़ा (पश्चिम बंगाल), 11 जुलाई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के सियालदह मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया, जो कोलकाता के उपनगरों में रहने वाले लोगों को बिना परेशानी के सेक्टर 5 के आईटी केंद्र तक पहुंचने में मदद करेगा।
ईरानी ने स्टेशन का उद्घाटन डिजिटल तरीके से हावड़ा मैदान से किया, जो हुगली नदी के दूसरी तरफ 16.6 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का टर्मिनल स्टेशन है।
अब तक ट्रेनें सेक्टर 5 और फूलबगान के बीच चल रही थीं। सियालदह तक वाणिज्यिक सेवाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएंगी, जिससे कॉरिडोर की कुल परिचालन लंबाई 9 किलोमीटर हो जाएगी।
ईरानी ने कहा कि सियालदह तक 2.33 किलोमीटर के विस्तार से लगभग 35,000 यात्रियों को उनके दैनिक आवागमन में मदद मिलेगी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) स्थानीय सांसद सुदीप बंदोपाध्याय और विधायक परेश पाल ने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय रेलवे ने मध्य कोलकाता स्थित स्टेशन के उद्घाटन के लिए ‘‘अंतिम समय’’ पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आमंत्रित करके उनका ‘‘अपमान’’ किया।
मेट्रो स्टेशन देश के सबसे व्यस्त टर्मिनल रेलवे स्टेशनों में से एक सियालदह में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को जोड़ेगा, जिससे साल्ट लेक और सेक्टर 5 के आईटी केंद्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को सम्पर्क प्रदान होगा।
मेट्रो अधिकारियों को उम्मीद है कि सियालदह तक सेवाओं के विस्तार से आंशिक रूप से संचालित ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर में यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होगी।
पूरी तरह से चालू होने पर, लाइन हावड़ा को कोलकाता के रास्ते साल्ट लेक से जोड़ेगी। कॉरिडोर की आधारशिला फरवरी 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री प्रणब मुखर्जी की उपस्थिति में रखी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)