खेल की खबरें | उम्मीद है हार्दिक टीम की उम्मीदों पर खरा उतरेगा : रोहित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय उप कप्तान रोहित शर्मा को उम्मीद है कि पीठ के आपरेशन के बाद हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिये अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे हार्दिक पंड्या इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में गेंदबाजी में भी अहम योगदान देंगे।

अहमदाबाद, 10 मार्च भारतीय उप कप्तान रोहित शर्मा को उम्मीद है कि पीठ के आपरेशन के बाद हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिये अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे हार्दिक पंड्या इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में गेंदबाजी में भी अहम योगदान देंगे।

पंड्या ने अक्टूबर 2019 में पीठ का आपरेशन करवाया था। उन्होंने पिछले साल आईपीएल में वापसी की लेकिन गेंदबाजी नहीं की। पंड्या ने आस्ट्रेलिया में सीमित ओवरों की श्रृंखला में अपनी बल्लेबाजी से भारत को मैच जिताये लेकिन तीन वनडे और इतने ही टी20 मैचों में उन्होंने केवल एक बार गेंदबाजी की।

वह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के दौरान टीम का हिस्सा थे और रोहित को लगता है कि इससे उन्हें सीमित ओवरों की क्रिकेट में अपनी जिम्मेदारियों के लिये तैयार होने में मदद मिली।

रोहित ने शुक्रवार को होने वाले पहले टी20 से पूर्व कहा, ‘‘निश्चित तौर पर वह टीम का अहम अंग है। वह अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर काम कर रहा है और इनमें खुद को निखार रहा है। उसने सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिये तैयार होने के लिये टीम के साथ अच्छा समय बिताया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने अपनी तरफ से हर संभव प्रयास किये हैं और इसलिए लगता है कि इस समय वह सभी जिम्मेदारियां निभाने के लिये तैयार है। उसने पिछले कुछ सप्ताह में अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर काफी कड़ी मेहनत की है। आशा है कि टीम ने उससे जो उम्मीद लगायी है वह उसके लिये तैयार होगा।’’

बेहतरीन फार्म में चल रहे ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं और रोहित को उम्मीद है कि वह लंबे प्रारूप की अपनी फार्म को बरकरार रखेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘उसने अभी तक आस्ट्रेलिया से लेकर इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला तक शानदार प्रदर्शन किया है। उसके खेल की अच्छी बात यह है कि अब वह खेल की परिस्थिति को समझने लगा है। विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी के साथ उसका दृष्टिकोण भी अच्छा दिख रहा है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now