देश की खबरें | उनकी साहसिक यात्रा नारी शक्ति का प्रतीक : आईएनएसवी तारिणी अभियान पर राजनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आईएनएसवी तारिणी अभियान के महिला चालक दल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन समुद्री परिस्थितियों के दौरान उनकी अटूट दृढ़ता एवं संयमित आचरण आज की महिलाओं की “असाधारण क्षमताओं” का प्रतीक है।
नयी दिल्ली, सात मार्च रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आईएनएसवी तारिणी अभियान के महिला चालक दल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन समुद्री परिस्थितियों के दौरान उनकी अटूट दृढ़ता एवं संयमित आचरण आज की महिलाओं की “असाधारण क्षमताओं” का प्रतीक है।
राजनाथ ने नाविका सागर परिक्रमा-II के चालक दल के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।
नाविका सागर परिक्रमा-II भारतीय नौसेना का एक अभियान है, जिसके तहत आईएनएसवी तारिणी पर सवार महिला चालक दल तीन प्रमुख 'केप' के माध्यम से पृथ्वी की दोहरी परिक्रमा करने का प्रयास कर रहा है। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने पिछले साल दो अक्टूबर को गोवा में इस नौसैनिक पोत को हरी झंडी दिखाई थी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से जारी पोस्ट में चालक दल की सदस्यों-लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए-के साथ राजनाथ की ऑनलाइन बातचीत की कुछ तस्वीरें और इस अभियान पर रक्षा मंत्री का एक बयान साझा किया गया।
पोस्ट के मुताबिक, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाविका सागर परिक्रमा-II के साहसी चालक दल-लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए-से बातचीत की, जो आईएनएसवी तारिणी पर सवार होकर दुनिया की परिक्रमा कर रही हैं। उन्होंने उनके साहस, समर्पण और दृढ़ता की सराहना की।”
इसमें कहा गया है, “नाविका सागर परिक्रमा-II समुद्री और रक्षा क्षेत्रों में महिलाओं को नेतृत्व भूमिका सौंपने की भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
पोस्ट में राजनाथ के हवाले से लिखा गया है, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मैंने नाविका सागर परिक्रमा-II के अद्भुत दल से बातचीत की। आईएनएसवी तारिणी से उनकी साहसिक यात्रा और दुनिया का चक्कर लगाने की विशाल चुनौती नारीशक्ति का प्रतीक है।”
पोस्ट के अनुसार, “हजारों समुद्री मील लंबी यात्रा के दौरान कठिन समुद्री परिस्थितियों में उनकी अटूट दृढ़ता, संयमित आचरण और सावधानीपूर्वक दृष्टिकोण, आज की महिलाओं की असाधारण क्षमताओं का उदाहरण है।”
इसमें कहा गया है, “एक गौरवान्वित राष्ट्र के रूप में हम उनकी अद्वितीय उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं और इस उल्लेखनीय अभियान के सफल रूप से संपन्न होने की कामना करते हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)