ताजा खबरें | दिल्ली वालों पर रहम करें, स्थानीय सरकार के दर्जे में संशोधन नहीं करे केंद्र: बिट्टू

नयी दिल्ली, 18 मार्च कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह दिल्ली वालों पर ‘रहम करे’ और ‘दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक, 2021’ पर कदम आगे नहीं बढ़ाए।

बिट्टू ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर दिल्ली की विधानसभा को कमजोर किया गया तो पूरी दुनिया में गलत संदेश जाएगा क्योंकि दिल्ली देश की राजधानी है।

बजट सत्र के दूसरे चरण के लिए लोकसभा में कांग्रेस के नेता नियुक्त किए गए बिट्टू ने सवाल किया, ‘‘ अगर दिल्ली के मुख्यमंत्री की केंद्र से नहीं निभ रही है तो लोगों का क्या कसूर है? आप दिल्ली की सरकार को नगरपालिका क्यों बना रहे हैं?’’

उन्होंने दावा किया कि पहले जम्मू-कश्मीर को केंद्रशासित बनाया गया और अब दिल्ली की स्थिति को बदला जा रहा है।

बिट्टू ने कहा, ‘‘दिल्ली देश की राजधानी है। अगर हम यहां की विधानसभा को कमजोर करेंगे तो फिर दुनिया में गलत संदेश जाएगा। विधानसभा को ताकत देनी होगी। दिल्ली वालों पर रहम करिए।’’

उल्लेखनीय है कि सरकार ने दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक, 2021 पिछले दिनों लोकसभा में पेश किया। इस विधेयक के अनुसार, दिल्ली विधानसभा में पारित विधान के परिप्रेक्ष्य में ‘‘सरकार’’ का आशय राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के ‘‘उपराज्यपाल’’ से होगा।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)