देश की खबरें | हरियाणा: मुख्यमंत्री खट्टर ने देश की समग्र प्रगति के लिए ग्रामीण विकास के महत्व पर जोर दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने देश की समग्र प्रगति के लिए सोमवार को ग्रामीण विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कृषि न केवल खाद्य सुरक्षा में, बल्कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और रोजगार में भी योगदान देता है।

चंडीगढ़, सात अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने देश की समग्र प्रगति के लिए सोमवार को ग्रामीण विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कृषि न केवल खाद्य सुरक्षा में, बल्कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और रोजगार में भी योगदान देता है।

उन्होंने फरीदाबाद के सूरजकुंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो दिवसीय कार्यक्रम ‘हरियाणा क्षेत्रीय पंचायती राज परिषद’ कार्यशाला के उद्घाटन समारोह में एक सभा को संबोधित करते हुए यह कहा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।

खट्टर ने कहा, ‘‘चूंकि भारत की आबादी का एक बड़ा हिसा खेती से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस क्षेत्र पर अर्थव्यवस्था की निर्भरता बनी हुई है। खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और रोजगार में भी कृषि अहम योगदान देता है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करना पूरे देश में सतत और समावेशी विकास हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा, ‍‘‘आज हम यहां एक ऐसे विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए हैं जो देश के लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों और प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए जरूरी है। आजादी के 75 साल बाद भी गांवों का विकास सबसे पहली जरूरत बना हुआ है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने 10 प्रमुख विभागों का काम पंचायती राज संस्थाओं को सौंप दिया है और विकास कार्यों के लिए राशि सीधे पंचायतों के खातों में जमा की जाती है। इतना ही नहीं, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में भी ई-निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\