देश की खबरें | हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में जी-20 अंतरराष्ट्रीय खाद्य महोत्सव का उद्घाटन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को यहां तालकटोरा स्टेडियम में दो दिवसीय जी-20 अंतरराष्ट्रीय खाद्य महोत्सव का उद्घाटन किया।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को यहां तालकटोरा स्टेडियम में दो दिवसीय जी-20 अंतरराष्ट्रीय खाद्य महोत्सव का उद्घाटन किया।
नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव का विषय "दुनिया का स्वाद लीजिए" है। इसमें चीन, तुर्की, जापान और मैक्सिको सहित कुल चार सदस्य देश भाग ले रहे हैं।
हरदीप सिंह पुरी ने इस मौके पर कहा कि यह न केवल एनडीएमसी का जी-20 खाद्य महोत्सव है, बल्कि देश का भी खाद्य महोत्सव है।
पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘ आज तालकटोरा स्टेडियम में जी-20 खाद्य महोत्सव का उद्घाटन करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह देखकर अच्छा लगा कि दुनिया मोटे अनाज द्वारा दिए जाने वाले पोषण को दैनिक खाद्य पदार्थों में कैसे शामिल कर रही है। इस कार्यक्रम में मोटे अनाज से तैयार व्यंजन और स्नैक्स भी पेश किए जा रहे हैं। ’’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ दुनिया के सभी भोजन प्रेमी एक हो जाओ! जब कोई लिट्टी चोखा, पाव भाजी, दौलत की चाट, जलेबी, पनीर टिक्का और जापानी सुशी को एक जगह देखता है, तो हमें उस शक्ति का एहसास होता है जो दुनिया के सांस्कृतिक और पाक-कला एकीकरण में पनपती है! ’’
दो दिवसीय इस खाद्य महोत्सव के दौरान लोग 14 भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों - गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, दिल्ली, बिहार, पंजाब, कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, मणिपुर और मेघालय के व्यंजनों को चख सकेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)