देश की खबरें | गुरुग्राम: मोहपाश में फंसाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुरुग्राम में काम करने वाले करनाल के एक एसी मैकेनिक को मोहपाश में फंसाने और उसका अपहरण करने के आरोप में शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गुरुग्राम(हरियाणा), 11 जून गुरुग्राम में काम करने वाले करनाल के एक एसी मैकेनिक को मोहपाश में फंसाने और उसका अपहरण करने के आरोप में शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महिला एक गिरोह में शामिल है, जिसके चार अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नीलम उर्फ तन्नू शर्मा, जयपुर के झालाना कॉलोनी की निवासी, को उपनिरीक्षक जसवंत सिंह के नेतृत्व में जयपुर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया, महिला के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन, सोने की चेन, पर्स, एटीएम कार्ड, आईपॉड, सिम कार्ड और अपराध में इस्तेमाल किया गया बोलेरो एसयूवी बरामद हुई है।
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को शनिवार को शहर की एक अदालत में पेश किया और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने इससे पहले जयपुर निवासी दिनेश चौधरी उर्फ शुभम और महेंद्रगढ़ जिले के अटेली निवासी नितिन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि दो और आरोपी आशीष उर्फ आशु और अक्षय भट्ट को शुक्रवार को जयपुर से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को मोहपाश में फंसाने की योजना दिनेश चौधरी ने बनाई थी, जो हाल ही में जयपुर जेल से जमानत पर छूट कर आया था, जहां वह हत्या के प्रयास के एक प्रकरण में कैद था। चौधरी ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने अपने बैरक में बंद एक अन्य कैदी से मिले एक विचार से प्रेरित होकर जेल के अंदर यह योजना बनाई थी।
मोहपाश के मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सिंह ने कहा कि चौधरी हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और अपहरण के मामलों में संलिप्त रहा है।
एसी (एयर कंडीशन) मैकेनिक पीड़ित को पांच जून को नीलम द्वारा सेक्टर-29 के एक होटल में आने के लिए कहा था, जिससे उसका सोशल मीडिया के जरिये संपर्क हुआ था। जब मैकेनिक वहां गया, तो उसे गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा कथित तौर पर महिला के साथ यौन संबंध बनाने के लिए कहा गया। उन्होंने ब्लैकमेल करने के लिए इस कृत्य को फिल्माया था।
तीन दिन तक बंधक बना कर रखे जाने के बाद मैकेनिक भागने में सफल रहा और उसने पुलिस को गिरोह की सूचना दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)