देश की खबरें | कर्नाटक में पर्यटकों की सुरक्षा की खातिर ‘होमस्टे’ एवं ‘रिसॉर्ट’ के मालिकों के लिए दिशानिर्देश जारी

बेंगलुरु, 11 मार्च कोप्पल जिले में छह मार्च को ओडिशा के एक पर्यटक की हत्या तथा एक इजरायली पर्यटक और एक ‘होमस्टे’ मालकिन के साथ बलात्कार की घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने मंगलवार को ‘होमस्टे’, ‘रिसॉर्ट’ और होटलों के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए।

दिशानिर्देश में अतिथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा उपायों को अनिवार्य किया गया है।

सनापुर की घटना को ‘बहुत दुखद और खेदजनक’ करार देते हुए सरकार ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नवीनतम दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।

आदेश में कहा गया है कि राज्य भर के पर्यटन स्थलों पर स्थित ‘होमस्टे’ को विदेशी आगंतुकों समेत सभी पर्यटकों के लिए उचित सुरक्षा उपाय लागू करने होंगे।

इसमें कहा गया है,‘‘पर्यटकों को सुदूर या निर्जन क्षेत्रों में ले जाने से पहले पूर्व सूचना दी जानी चाहिए तथा संबंधित थाने से अनुमति ली जानी चाहिए।’’

इस आदेश में कहा गया है कि यदि पर्यटकों को पुलिस या वन विभाग की पूर्वानुमति के बगैर दूरदराज के स्थानों, बाहरी इलाकों या जंगली क्षेत्रों में ले जाया जाता है, तो ‘होमस्टे’ मालिकों को बदमाशों या जंगली जानवरों के कारण होने वाली किसी भी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उन्हें कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ेगा।

राज्य सरकार ने जिला अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि ‘होमस्टे’, होटल और ‘रिसॉर्ट’ दिशानिर्देशों का पालन करें। इसके अतिरिक्त, उन्हें संभावित जोखिमों का आकलन करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला अधिकारियों को पर्यटन केंद्र यात्रा कार्यक्रमों की एक सूची प्रदान करनी होगी।

हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ‘होमस्टे’ मालकिन पर्यटकों को तारे देखने के लिए तुंगभद्रा नहर के किनारे ले गयी थी, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)