शिमला, 11 मार्च हिमाचल प्रदेश में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण की खबर ‘‘गलत’’ तरीके से पेश करने का मुद्दा उठाया और कहा कि अभिभाषण एक सरकारी दस्तावेज है, न कि राज्यपाल के अपने शब्द।
श्रद्धांजलि सभा के तुरंत बाद व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार का दस्तावेज है और कुछ हिंदी अखबारों ने शीर्षक दिया है -‘हिमाचल में आर्थिक संकट के लिए केंद्र जिम्मेदार : राज्यपाल।’
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मीडिया में आई इस खबर का संज्ञान लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने विपक्ष के नेता पर मीडिया को डराने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण कैबिनेट द्वारा अनुमोदित एक सरकारी दस्तावेज है।
सुक्खू ने कहा कि शीर्षक संवाददाताओं द्वारा नहीं दिये जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष अभिभाषण का ‘‘श्रेय’’ मुझे देना चाहता है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।
ठाकुर द्वारा उठाए गए मुद्दे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस मुद्दे पर गौर किया गया है और अगर कोई प्रस्ताव लाता है तो उस पर संज्ञान लिया जाएगा।
इस बीच, ठाकुर ने सरकार पर मीडिया पर दबाव डालने और मीडियाकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का भी आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY