देश की खबरें | गोगामेड़ी हत्याकांड : पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त, बृहस्पतिवार को होगा अंतिम संस्कार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में चल रहा धरना प्रदर्शन बुधवार देर रात समाप्त हो गया।

जयपुर, छह दिसंबर राजस्थान में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में चल रहा धरना प्रदर्शन बुधवार देर रात समाप्त हो गया।

गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने जयपुर के मानसरोवर स्थित मेट्रो मास हॉस्पिटल के सामने चल रहे प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने कहा पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही श्याम नगर थानाधिकारी, बीट प्रभारी और बीट कॉन्स्टेबल को निलंबित किया गया है।

गोगामेडी के शव को निजी अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिये सवाई मान सिंह अस्पताल ले जाया गया। जहां बुधवार रात को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।

गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

जयपुर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) योगेश गोयल ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने के दोषी श्याम नगर थानाधिकारी और अन्य पुलिस कर्मियों को निलंबित करने का फैसला किया गया है।

गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने श्याम नगर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि उनके पति ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पुलिस महानिदेशक को तीन पत्रों के जरिए जानकारी दी थी कि उन्हें जान का खतरा है।

इससे पहले गोगामेडी की पत्नी ने मांगें पूरी नहीं होने तक धरना जारी रखने की अपील की थी।

पुलिस ने गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की। इस हत्याकांड के विरोध में राज्य में कई जगह प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर राजमार्ग ‘जाम’ कर दिया और ट्रेन भी रोकीं। हालांकि, कहीं से हिंसा की कोई खबर नहीं है।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हमलावरों की सूचना देने वाले को पांच-पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस हत्याकांड के बाद राज्य के हालात को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। इससे पहले राज्यपाल मिश्र ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजपूत समाज के लोगों ने जयपुर सह‍ित कई शहरों में प्रदर्शन क‍िया। गोगामेड़ी समर्थकों ने हत्या के विरोध में जयपुर ‘बंद’ की घोषणा की।इस वजह से सभी बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही।

राजधानी जयपुर में कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई।

इससे पूर्व शाम को गोगामेड़ी की पत्नी ने अस्पताल के बाहर बैठे लोगों से वहां से नहीं हटने की अपील की थी।

शीला शेखावत ने धरने पर बैठे लोगो से कहा कि जब तक आरोपियों का ‘एनकाउंटर’ नहीं हो जाता, तब तक समाज के लोगों को यहां से नहीं हटना चाहिए।

फेसबुक पोस्ट पर गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हत्या की कथित जिम्मेदारी ली है और कहा है कि गोगामेड़ी को उसके दुश्मनों का "समर्थन" करने के लिए मार दिया गया। गोदारा को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ बताया जाता है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी-अपराध) दिनेश एमएन की निगरानी में एसआईटी गठित की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डीजीपी ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनको पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है।

जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि गोगामेड़ी और नवीन सिंह शेखावत की राजपूत नेता के घर पर मंगलवार को गोली मारकर हत्या करने वाले दो हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। कहा जा रहा है कि नवीन सिंह शेखावत हमलावरों के साथ राजपूत नेता के घर गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\