हम्पी (कर्नाटक), 12 जुलाई भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत संस्कृति कार्य समूह की तीसरी बैठक बुधवार को समाप्त हुई जिसमें सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने और पिछली दो बैठकों में विचार-विमर्श के बाद वाली सिफारिशों पर आम सहमति बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शिखर सम्मेलन के आखिरी दो दिनों में यहां आयोजित कार्य समूह की बैठकें प्रमुख प्राथमिकताओं पर केंद्रित थीं जिनका उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना था।
अधिकारियों ने कहा कि जी20 सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया और सांस्कृतिक विविधता और सहयोग के महत्व को प्रदर्शित किया।
बैठक के दौरान, हम्पी के खानाबदोश लंबानी कारीगरों ने सबसे अधिक संख्या में कढ़ाई पैच बनाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। लगभग 450 लंबानी कारीगरों ने अपने कौशल और शिल्प कौशल का प्रदर्शन किया, 1,755 से अधिक अद्वितीय पैच को एक साथ बुना, जो कर्नाटक और भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को उजागर करता है।
कारीगरों ने इसको लेकर प्रसन्नता जतायी और आशा व्यक्त की है कि इस पहचान से अधिक अवसरों के द्वार खुलेंगे और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।
सोमवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राष्ट्रों के बीच एकीकरण कारक के रूप में संस्कृति के महत्व पर जोर दिया था।
बैठकों के अलावा, जी20 प्रतिनिधियों को हम्पी के सांस्कृतिक वैभव का भ्रमण कराया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY