देश की खबरें | जी-20 बैठकों से उत्तराखंड को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी: मुख्यमंत्री धामी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि मई और जून के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड में प्रस्तावित जी-20 की दो बैठकों के आयोजन से प्रदेश को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी।
देहरादून, 25 जनवरी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि मई और जून के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड में प्रस्तावित जी-20 की दो बैठकों के आयोजन से प्रदेश को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी।
यहां जी-20 बैठकों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 25 से 28 मई एवं 26 से 28 जून को होने वाली इन बैठकों के आयोजन में सदस्य देशों के अलावा आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे और इससे प्रदेश को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान जी-20 देशों के प्रतिनिधि ऋषिकेश में गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगे और इसके जरिए मां गंगा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से भी परिचित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात के प्रयास किए जाएंगे कि दो बैठकों में से एक गढ़वाल मंडल तथा दूसरी कुमांऊ मंडल में आयोजित हो।
उन्होंने जी-20 बैठकों को उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी एक अच्छा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि जिन उत्पादों को हम व्यापक स्तर पर वैश्विक पहचान दिला सकते हैं, उनकी विशिष्टता की पहचान कर ली जाए और आयोजन स्थल पर उनके स्टॉल लगाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बैठकों में आयोजन स्थल पर प्रदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रम करने, योग एवं पंचकर्म की व्यवस्था करने एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों का प्रस्तुतिकरण देने के लिए भी कहा।
मुख्यमंत्री ने जी-20 की बैठकों में आने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के आने के मददेनजर विदेशी ओं के जानकारों की सेवाएं लेने को भी कहा। उन्होंने कहा कि बैठकों के बेहतर आयोजन के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के सुझाव लेने चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)