देश की खबरें | कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं ने सबरीमला पहाड़ी की चढ़ाई की, भगवान अयप्पा के दर्शन किए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर में श्रद्धालुओं ने मास्क लगाने सहित कोविड-19 के तमाम दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भगवान के दर्शन किए।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

सबरीमला (केरल), 16 नवंबर केरल के सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर में श्रद्धालुओं ने मास्क लगाने सहित कोविड-19 के तमाम दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भगवान के दर्शन किए।

साल में दो महीने के लिए होने वाले तीर्थाटन मंडाला मकरविलक्कू के लिए सोमवार सुबह यह मंदिर खुला। कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के प्रकोप के बाद यहां यह पहला वार्षिक तीर्थाटन है। प्राधिकारियों ने प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या एक हजार और सप्ताहांत में दो हजार रखने का निर्णय किया है।

यह भी पढ़े | राजस्थान सरकार में मंत्री भंवरलाल मेघवाल का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पाल में ली अंतिम सांस: 16 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

हालांकि ‘शन्निधानम’, मंदिर परिसर जहां मलयालम महीने ‘वृश्चिकम’ के पहले दिन भक्तों की भारी भीड़ दिखती थी, वहां आज कुछ ही श्रद्धालु नजर आए।

मंदिर अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 मुक्त प्रमाणपत्र वाले श्रद्धालुओं को पम्पा से तड़के तीन बजे मंदिर के लिए चढ़ाई करने की इजाजत दी गई। पम्पा मंदिर के लिए चढ़ाई करने का आधार शिविर है।

यह भी पढ़े | Bihar: बिहार सरकार में सुशील मोदी को नहीं बनाया गया उपमुख्यमंत्री, सीएम नीतीश कुमार ने बताया BJP का फैसला.

यहां मंदिर का प्रबंधन संभालने वाले त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने बताया कि शुरुआती घंटों में रवाना होने वालों में पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालु अधिक थे।

मास्क लगाए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के कर्मचारी और पुलिसकर्मी आधार शिविर से लेकर मंदिर परिसर तक इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि श्रद्धालु कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

उन्होंने कहा कि अनुष्ठान की शुरुआत तन्त्री (प्रधान पुजारी) कांतारु राजीवरु द्वारा शन्निधानम में 'अष्टद्रव्य महा गणपति होमम' करने से हुई।

टीडीबी के एक अधिकारी ने बताया कि पहले दिन दोपहर तक लगभग 650 श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।

उन्होंने कहा कि दो भक्त सोमवार को संक्रमित पाए गए और उन्हें पास के कोनी में उपचार केंद्र भेजा गया।

अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, "दोनों भक्तों में से एक केरल के पुनालुर और दूसरा चेन्नई का रहने वाला है। ये दोनों एक अन्य आधार शिविर नीलक्कल में स्वास्थ्य विभाग के जांच केंद्र पर जांच के दौरान कोविड-19 से पीड़ित पाए गए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now