देश की खबरें | फडणवीस पहुंचे जापान, बुलेट ट्रेन में किया सफर

मुंबई, 21 अगस्त महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सोमवार को पांच दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे और इस एशियाई देश के मजबूत सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे की प्रशंसा की ।

उन्होंने नियमों का ईमानदारी से पालन करने के लिए वहां के लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनसे बहुत कुछ सीखा जा सकता है।

फडणवीस को जापान की सरकार ने राजकीय अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने अपनी उच्च गति के लिए दुनिया भर में मशहूर शिंकानसेन ट्रेन(बुलेट ट्रेन) में भी यात्रा की।

टोक्यो पहुंचने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,''जापान के लोगों से बहुत कुछ सीखने को मिला है। सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचा स्पष्ट रूप से मजबूत है लेकिन यहां यह देखना दिलचस्प है कि लोग लेन अनुशासन, स्वचालित त्वरित टिकट प्रणाली, प्लेटफॉर्म सुरक्षा, कतार और हर नियम का शिद्दत से पालन करते हैं।’’

टोक्यो से क्योटो तक शिंकानसेन बुलेट ट्रेन में यात्रा करने के बाद, फडणवीस ने कहा, “गति, सटीकता और अनुशासन का अनुभव किया है। यह यात्रा महाराष्ट्र और जापान की आत्मीयता, सहयोग और पारस्परिक विकास की आशाओं को समर्पित रही।”

जापान की सहायता से मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना क्रियान्वित की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)