देश की खबरें | ईडी ने अमेरिकी ग्राहकों को ‘प्रतिबंधित’ दवाएं भेजने के आरोप में लखनऊ से दो लोगों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 11 मार्च प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बताया कि एजेंसी ने अमेरिका में ‘प्रतिबंधित’ दवाइयों की तस्करी करने वाले एक गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत लखनऊ से दो लोगों को गिरफ्तार किया।

संघीय जांच एजेंसी ने एक बयान में बताया कि शांतनु गुप्ता और अब्दुल वहाब यासिर को सोमवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया।

धन शोधन का यह मामला स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा भारत से अमेरिका में मन प्रभावी पदार्थों की ‘तस्करी’ करने के आरोप में ‘हत्श टेलीकम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ की गई जांच से सामने आया है।

एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अमेरिकी नागरिकों को ‘प्रतिबंधित’ दवाओं की तस्करी में ‘संलिप्त’ थे।

ईडी ने बताया कि मामले की जांच में यह पाया गया कि इन लोगों ने 2012 से 2017 के दौरान लखनऊ स्थित छह कंपनियों के कार्यालयों से कॉल सेंटर संचालित किये।

एजेंसी ने बताया कि आरोपी एक पोर्टल से अमेरिकी नागरिकों की जानकारियां जुटाते थे और प्रतिबंधित/नशीली दवाओं की आपूर्ति के लिए संभावित ग्राहकों की पहचान करते थे।

एजेंसी के मुताबिक, आरोपी इसके बाद ‘स्काइप’ के माध्यम से अमेरिका में लोगों को कॉल करते थे, ऑर्डर लेकर अग्रिम भुगतान प्राप्त करते थे और बाद में भारतीय डाक के माध्यम से प्रतिबंधित दवाओं को भेजते थे।

एजेंसी ने बताया कि आरोपियों ने 2012 से 2017 के बीच ‘हत्श टेलीकम्युनिकेशन’ सहित विभिन्न कंपनियों के खातों में 23.67 करोड़ रुपये प्राप्त किए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)