देश की खबरें | दिल्ली में मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित, एक लाख से अधिक मतदाता कम हुए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची को सोमवार को प्रकाशित किया गया जिसमें जनवरी में प्रकाशित मतदाता सूची की तुलना में एक लाख मतदाता कम हैं।

नयी दिल्ली, 16 नवंबर दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची को सोमवार को प्रकाशित किया गया जिसमें जनवरी में प्रकाशित मतदाता सूची की तुलना में एक लाख मतदाता कम हैं।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि दिल्ली में मसौदा मतदाता सूची में कुल मतदाता 1,47,95,549 है और 3,19,222 मतदातों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं जिनमें से 59,000 से ज्यादा मतदाताओं की मौत होने की वजह से सूची से उनके हटाए गए हैं जबकि 2,16,702 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

उन्होंने बताया कि मसौदा सूची से 1,02,520 मतदाताओं की कमी आई है। सिंह ने बताया कि सूची में से हटाए गए नामों से 59,423 ऐसे मतदाता थे जिनकी मौत हो गई है और 2,51,062 लोग स्थायी रूप से दिल्ली से कहीं और बस गए हैं तथा 8,737 डुप्लिकेट (दोहरी) प्रविष्टियां थीं जिन्हें सूची से हटा दिया गया है।

पिछली मतदाता सूची 15 जनवरी को प्रकाशित की गई थी उसकी तुलना में पुरुष और महिला, दोनों मतदाताओं की संख्या नई सूची में घटी है। पूछा गया कि क्या कोरोना वायरस के कारण अधिकतर मौतें हुई हैं तो सीईओ ने कहा कि चुनाव अधिकारियों को मौत के कारण के बारे में जानकारी नहीं होती है, “ इसलिए हम यह नहीं कह सकते हैं कि क्या कारण था।”

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में मार्च 2020 से लेकर अबतक कोविड की वजह से 25,091 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में 80,88,031 पुरुष मतदाता हैं, 67,06,570 महिला मतदाता हैं और 948 तृतीय लिंगी मतदाता हैं।

मतदाता सूची का मसौदा जारी करने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने उन नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जो या तो 18 साल के हो गए हैं या अगले साल एक जनवरी तक 18 साल के हो जाएंगे।

इसी के साथ सारांश संशोधन कवायद भी शुरू कर दी गई है जिसके तहत लोग मतदाता सूची में उनके नाम, पते व अन्य चीजों में गलतियों को दुरूस्त करा सकते हैं। लोग 30 नवंबर तक दावे और आपत्तियां दायर कर सकते हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतदाता केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के आश्रय स्थलों और अन्य स्थानों पर बेघर लोगों के लिए शिविर लगाए जाएंगे।

अंतिम मतदाता सूची पांच जनवरी 2022 को जारी की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\