देश की खबरें | दिग्विजय दो अन्य नेताओं पर भाजपा उम्मीदवार का पुराना वीडियो साझा करने पर मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह और पार्टी के दो अन्य नेताओं पर कथित तौर पर मतदाताओं को गुमराह करने के लिए विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार का पुराना वीडियो साझा करने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भोपाल, 26 अक्टूबर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह और पार्टी के दो अन्य नेताओं पर कथित तौर पर मतदाताओं को गुमराह करने के लिए विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार का पुराना वीडियो साझा करने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सिंह के अलावा प्राथमिकी में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार और विधानसभा में विपक्ष के उपनेता हेमंत कटारे का भी नाम है। भाजपा महासचिव अरविंद सिंह जादोन की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी में कहा गया है कि सिंह, सिंघार और कटारे ने भाजपा उम्मीदवार रामनिवास रावत की छवि खराब करने के लिए उनके छह साल पुराने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है।

वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया कि कुछ ग्रामीण पानी की समस्या को लेकर रावत पर चिल्ला रहे हैं,इस पर वीडियो में रावत को अपने सुरक्षा अधिकारी के साथ यह कहते सुना गया कि अगर ग्रामीण उन्हें वोट नहीं देना चाहते हैं, तो उन्हें नहीं देना चाहिए। रावत छह साल पहले कांग्रेस के विधायक थे।

जादोन ने दावा किया कि वीडियो जारी करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। प्राथमिकी में कहा गया है कि चुनाव आयोग द्वारा गठित मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) की अनुमति प्राप्त करने के बाद ही कोई वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया जा सकता है।

जादोन ने आरोप लगाया कि वीडियो मतदाताओं को गुमराह करने के लिए साझा किया गया है।

पुलिस ने कांग्रेस के तीनों नेताओं पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवकों द्वारा जारी आदेशों की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया है। सीहोर जिले के बुधनी और श्योपुर जिले के विजयपुर में उपचुनाव 13 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। पूर्व कांग्रेस विधायक रावत के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के बाद विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनाव जरूरी हो गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\