देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने बाल सुरक्षा को लेकर अभियान शुरू किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने बाल सुरक्षा को लेकर महीने भर चलने वाले अभियान की रविवार को शुरुआत की।
नयी दिल्ली, 21 मई दिल्ली पुलिस ने बाल सुरक्षा को लेकर महीने भर चलने वाले अभियान की रविवार को शुरुआत की।
इस अभियान के तहत पुलिस माता-पिता को अपने बच्चों को यौन शोषण, ‘साइबर बुलिंग’ (ऑनलाइन परेशान करना) और बाल तस्करी जैसे मुद्दों के बारे में जागरुक करेगी और उन्हें शिक्षित करेगी।
अभियान के तहत, पुलिस अपने आधिकारिक ऑनलाइन मंचों-- ट्विटर और इंस्टाग्राम-- के जरिए बच्चों के अभिभावकों, उनकी देखभाल करने वालों और माता-पिता को बच्चों की सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराएगी और बताएगी कि वे कैसे अपने बच्चों को इन अपराधों का शिकार होने से बचा सकते हैं।
दिल्ली पुलिस में उपायुक्त (डीसीपी) एवं प्रवक्ता सुमन नलवा ने कहा, “बुलिंग से लेकर अनुचित तरीके से छूने तक, लोग आमतौर पर इन चीज़ों पर ध्यान नहीं देते हैं। हम चाहते हैं कि समाज में स्वस्थ बहस हो और लोग इन मुद्दों के बारे में बातचीत करना शुरू करें। काफी सोच-विचार के बाद हमने तय किया कि लोगों को इस बात को लेकर जागरुक किया जाए कि कैसे बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों से निपटा जा सकता है।”
अधिकारियों के मुताबिक, ‘साइबर बुलिंग’ बाल तस्करी, यौन उत्पीड़न और उत्पीड़न के बारे में जानकारी देने वाले बोर्ड को स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों के बाहर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को एफएम चैनलों के माध्यम से भी उठाया जाएगा।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मकसद है कि बच्चों को उनकी स्कूली शिक्षा के साथ ‘साइबर बुलिंग’ के बारे में शिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा, “साइबर बुलिंग तब होती है जब बच्चे के फोटो में छेड़छाड़ की जाती है और इसे इंटरनेट पर साझा किया जाता है ताकि उसका मानसिक रूप से उत्पीड़न किया जा सके और यह दंडनीय अपराध है।
उन्होंने बताया कि ‘बच्चों की सुरक्षा है हमारा कर्तव्य” अभियान का मकसद लोगों को इस बात के लिए प्रोत्साहित करना है कि अगर वे बाल सुरक्षा से संबंधित किसी घटना के गवाह हैं तो इसकी जानकारी तुरंत 112 पर दें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)