आइजोल, 11 मार्च मणिपुर के उग्रवादी समूह कूकी नेशनल आर्मी (इंडिया) के 47 वर्षीय एक नेता को बृहस्पतिवार को आइजोल में असम राइफल्स ने गिरफ्तार कर लिया। बल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि उग्रवादी की पहचान केएनए (आई) के स्वयंभू कमांडर-इन-चीफ नेहजांग हाओकिप के रूप में की गयी है।
असम राइफल्स के जवानों ने खुफिया जानकारी के आधार पर आइजोल के थुआमपुई इलाके में तलाशी अभियान चलाया और पड़ोसी मणिपुर के चूड़चंदपुर के निवासी हाओकिप को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि उसके पास से कोई हथियार नहीं मिला।
अधिकारी के अनुसार बाद में हाओकिप को मिजोरम पुलिस को सौंप दिया गया।
केएनए (आई) कूकी नेशनल ऑर्गेनाइजेशन (केएनओ) की सशस्त्र इकाई है। केएनओ अभी केंद्र तथा मणिपुर सरकार के साथ त्रिपक्षीय राजनीतिक संवाद में शामिल है।
केएनओ और एक अन्य उग्रवादी संगठन यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट (यूपीएफ) लंबे समय से कूकी समुदाय के लिए एक क्षेत्रीय परिषद की मांग कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY