देश की खबरें | चुनाव लड़ना हमेशा एक चुनौती की तरह होता है: परनीत कौर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता परनीत कौर ने रविवार को पटियाला लोकसभा सीट से एक बार फिर अपनी जीतका भरोसा जताया और कहा कि पार्टी आगामी आम चुनाव में अपने प्रदर्शन से पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करेगी।
चंडीगढ़, 31 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता परनीत कौर ने रविवार को पटियाला लोकसभा सीट से एक बार फिर अपनी जीतका भरोसा जताया और कहा कि पार्टी आगामी आम चुनाव में अपने प्रदर्शन से पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पहली बार है कि भाजपा (पटियाला से) लड़ेगी लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि हमें बहुत अच्छे नतीजे मिलेंगे।’’
इस महीने की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुईं कौर ने कहा कि चुनाव लड़ना हमेशा एक चुनौती की तरह होता है।
पटियाला में उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह से होगा। कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अभी तक इस सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर कौर ने 1999, 2004, 2009 और 2019 में जीत हासिल की थी।
कौर (79) ने कहा, ‘‘चुनाव लड़ना हमेशा एक चुनौती की तरह होता है। इसे कोई भी कभी हल्के में नहीं ले सकता।’’
कौर को उनके पति एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद पिछले साल फरवरी में कांग्रेस ने निलंबित कर दिया था।
अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वियों के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘चार मुख्य दल हो सकते हैं और निर्दलीय भी हो सकते हैं।’’
सांसद ने कहा कि उनके पति और बेटी जय इंद्र कौर आगामी चुनावों में उनके लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पूरा परिवार (मेरे लिए) प्रचार करेगा। इसमें परिवार के सदस्यों के अलावा पार्टी के सदस्य भी होंगे।’’
कौर ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि लोकसभा चुनाव के बाद, भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ रही है। इससे पहले, उसने शिअद के साथ गठबंधन में संसदीय और विधानसभा चुनाव लड़ा था।
दोनों पार्टियों ने 1996 में अपना गठबंधन बनाया था। वर्ष 2019 में शिअद और भाजपा ने पंजाब में दो-दो लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी।
पटियाला लोकसभा क्षेत्र कौर का गढ़ माना जाता है। ‘आप’ ने हालांकि 2014 में तब सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था जब उसके उम्मीदवार धर्मवीर गांधी ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
पंजाब की 13 लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)