नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर कांग्रेस ने रविवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों के एक समूह को कथित रूप से दो वाहनों से कुचले जाने के बाद भाजपा पर निशाना साधा और घटना की न्यायिक जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
राहुल गांधी ने कहा कि लखीमपुर खीरी में रविवार की घटना के बाद भी चुप रहने वाले पहले ही मर चुके हैं और कहा कि किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
रविवार को लखीमपुर खीरी में तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को कथित तौर पर दो एसयूवी वाहनों से कुचले जाने के बाद हिंसा भड़क गई।
अपुष्ट खबरों के मुताबिक इस घटना में कई किसान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
राहुल गांधी ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘जो इस अमानवीय नरसंहार को देखकर भी चुप है, वो पहले ही मर चुका है। लेकिन हम इस बलिदान को बेकार नहीं होने देंगे- किसान सत्याग्रह ज़िंदाबाद।’’
उन्होंने इस ट्वीट के साथ, मीडिया की एक खबर का एक स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया जिसमें दावा किया गया है कि लखीमपुर खीरी में भाजपा के एक नेता की कार ने किसानों को कुचला और वाहन में आगजनी की गई।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सवाल किया कि किसानों को इस देश में रहने का अधिकार है या नहीं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा देश के किसानों से कितनी नफ़रत करती है? उन्हें जीने का हक नहीं है? यदि वे आवाज उठाएँगे तो उन्हें गोली मार दोगे, गाड़ी चढ़ाकर रौंद दोगे? बहुत हो चुका। ये किसानों का देश है, भाजपा की क्रूर विचारधारा की जागीर नहीं है। किसान सत्याग्रह मजबूत होगा और किसान की आवाज और बुलंद होगी।’’
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कथित तौर पर कुचलने वाले दो एसयूवी को जबरन रोक दिया और उन्हें आग लगा दी। उन्होंने कथित तौर पर कुछ यात्रियों की पिटाई भी की। इस घटना में कई पत्रकारों के भी घायल होने की खबर है।
किसान मौर्य के बनबीरपुर दौरे का विरोध कर रहे थे जो केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और खीरी से सांसद अजय कुमार मिश्रा का पैतृक गांव है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY