देश की खबरें | कांग्रेस ने कुलदीप बिश्नोई को पार्टी के सभी पदों से हटाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में कथित तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ करने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई को शनिवार को कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया।

नयी दिल्ली, 11 जून कांग्रेस ने हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में कथित तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ करने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई को शनिवार को कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया।

पार्टी की इस कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए बिश्नोई ने कहा कि 2016 और अन्य कई मौकों पर अगर पार्टी इतना त्वरित कदम उठाती, तो उसकी आज यह हालत नहीं होती।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिश्नोई को कांग्रेस कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य समेत पार्टी की जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया।

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष से बिश्नोई की सदस्यता खत्म करने की भी सिफारिश की जा सकती है।

कार्रवाई के बाद बिश्नोई ने ट्वीट किया, ‘‘अगर कांग्रेस 2016 और कई नाजुक मौके पर इसी तरह से त्वरित और सख्त कदम उठाती तो आज उसे इस बुरी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में कुछ नेताओं के लिए नियम हैं और कुछ के लिए अपवाद हैं। नियमों को चुनिंदा ढंग से लागू किया जाता है। अतीत में अनुशासनहीनता को बार-बार नजरअंदाज किया गया। मेरे मामले में, मैंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी और नैतिकता के आधार पर कदम उठाया।’’

बिश्नोई ने हरियाणा के 2016 के उस राज्यसभा चुनाव की ओर से इशारा किया, जिसमें निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा ने जीत दर्ज की थी, क्योंकि कांग्रेस के कई विधायकों ने गलत पेन से वोट किया था।

हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन की हार के बाद बिश्नोई ने ट्वीट किया था, ‘‘फन कुचलने का हुनर आता है मुझे, सांप के ख़ौफ़ से जंगल नहीं छोड़ा करते। सुप्रभात।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें