नयी दिल्ली, 30 अप्रैल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने पहलगाम में हुए आतकंवादी हमले में जान गंवाने वाले नौसेना के अधिकारी विनय नरवाल के नाम पर एक स्मारक बनाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह को पत्र लिखा है। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने नरवाल के हरियाणा के करनाल स्थित भुसली मधुबन गांव जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में परिवार को हर तरह का सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कुमार ने कहा कि नौसेना के दिवंगत अधिकारी के नाम पर कोई स्मारक बनाकर या किसी संस्थान का नामकरण कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी को पत्र लिखा है जिसकी एक प्रति स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर को भी भेजी गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने अपने पत्र में कहा है कि नरवाल के गांव में एक मेडिकल विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है और गांव के सभी लोगों ने इसका नाम विनय नरवाल के नाम पर रखने की मांग की है।
उन्होंने सैनी से इस मामले पर “मानवीय आधार” पर गौर करने का आग्रह किया है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY