देश की खबरें | दिल्ली के कुछ मतदान केंद्रों से ईवीएम से जुड़ी शिकायतें मिलीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के सात लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को हुए मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से संबंधित शिकायतें आईं।
नयी दिल्ली, 25 मई दिल्ली के सात लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को हुए मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से संबंधित शिकायतें आईं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य वृंदा करात ने कहा कि वह वोट देने आई थीं, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि ईवीएम की बैटरी 'डिस्चार्ज' हो गई है और उन्हें आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
वृंदा करात ने कहा, ‘‘मैं वोट देने आई हूं और वो कह रहे हैं कि बैटरी डाउन हो गई है। मैंने शिकायत लिख दी है। उन्होंने किस तरह की व्यवस्था की है? लोग यहां इतनी देर से गर्मी में इंतजार कर रहे हैं।’’
एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने कहा कि तकनीकी इंजीनियरों को मामले को देखने के लिए कहा गया है।
चुनाव अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमें दो ईवीएम में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली। तकनीकी इंजीनियरों को मामले को देखने और समस्या का तुरंत समाधान करने को कहा गया। ’’
सीलमपुर निवासी मोहम्मद असलम ने भी शिकायत करते हुए कहा कि चौहान बांगर मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन काम नहीं कर रही है।
असलम ने कहा, ‘‘ स्कूल के अंदर एक वोटिंग मशीन काम नहीं कर रही थी। जब हम यहां वोट डालने आये तो हमें इसकी जानकारी मिली। हालांकि, वहां मौजूद मतदान अधिकारियों ने कहा कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने से पहले सभी मतदाता अपना वोट डाल दें। ’’
कुछ मतदाताओं ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली आईआईटी परिसर और चांदनी महल में ईवीएम काम नहीं कर रही है, जिसके कारण लोगों को वोट डालने में कठिनाई हो रही है। यह भी बताया गया कि शालीमार बाग (एबी ब्लॉक) में ईवीएम में समस्या के कारण मतदान 10 मिनट देर से शुरू हुआ।
आम आदमी पार्टी की नेता एवं दिल्ली की मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से चिंताजनक खबरें आ रही हैं... जनकपुरी के कैप्टन अनुज नैय्यर स्कूल में पीठासीन अधिकारी ने सुबह ही पोलिंग एजेंटों से फॉर्म 17(सी) पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की। ’’
पूर्वी दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस खजूरी रोड, जोगा बाई एक्सटेंशन में सड़क के बीच में अवरोधक लगाकर लोगों को वोट देने से रोक रही है।
दिल्ली में शनिवार को 54 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)