देश की खबरें | कोयला खदान दुर्घटना : कर्मचारी यूनियन ने न्यायिक जांच की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोल इंडिया की एक सहायक कंपनी की कोयला खदान ढहने की दुर्घटना की एक कर्मचारी यूनियन ने न्यायिक जांच की मांग की।

नयी दिल्ली, 11 मार्च कोल इंडिया की एक सहायक कंपनी की कोयला खदान ढहने की दुर्घटना की एक कर्मचारी यूनियन ने न्यायिक जांच की मांग की।

दुर्घटना में तीन कर्मचारियों की मौत हो गयी थी।

हिंद खदान मजदूर महासंघ के अध्यक्ष नाथूलाल पांडे ने कोयला एवं खदान मंत्री जी किशन रेड्डी को लिखे पत्र में कहा, “मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पाथाखेड़ा डब्ल्यूसीएल (वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की छतरपुर-एक कोयला खदान में एक बड़ी खदान दुर्घटना हुई। यह दुर्घटना खदान ढहने से हुई।”

पत्र के मुताबिक, दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई लेकिन अगर उचित सुरक्षा मानदंडों का पालन किया जाता तो इस हादसे को रोका जा सकता था।

पांडे ने पत्र में लिखा, “इसलिए, मैं इस दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए न्यायिक जांच का आदेश देने का अनुरोध करता हूं ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।”

यूनियन ने 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और आश्रितों को रोजगार के साथ-साथ अन्य सामाजिक सुरक्षा की भी मांग की है।

पत्र के मुताबिक, “मैं मांग करता हूं कि इन कर्मचारियों के वास्तविक सेवानिवृत्ति तक के पूरे वेतन के बराबर राशि उनके परिवार को विशेष अनुग्रह राशि के रूप में दी जाए।”

बैतूल जिले में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कोयला खदान बृहस्पतिवार को ढह गयी थी, जिसमें एक सुपरवाइजर समेत तीन लोगों की दबकर मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें