देश की खबरें | दिल्ली के बदरपुर में झड़प, चार लोग घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 31 जुलाई दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे गौतमपुरी में पथराव और झगड़े की सूचना पीसीआर को प्राप्त हुई।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि कॉल प्राप्त होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां फोन करने वाले शख्स रंजीत ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे उसकी 14 वर्षीय भतीजी लापता हो गई थी और वे इलाके में उसकी तलाश कर रहे थे।

उपायुक्त ने बताया कि दो बाइक सवार इलाके से गुजरे थे और उन्होंने इस संबंध में कुछ अवांछित टिप्पणी की। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद रविवार रात करीब 10.40 बजे उनके (बाइक सवारों और रंजीत के परिवार) बीच झड़प हो गई, जिसमें रंजीत के भतीजे राहुल (24) और रितिक (22) घायल हो गए और उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

देव ने बताया कि कबाड़ी का काम करने वाला रंजीत सोमवार सुबह अपने परिवार के सदस्यों और अन्य रिश्तेदारों के साथ गौतमपुरी स्थित अपनी दुकान के सामने बैठकर अपनी भतीजी के लापता होने पर चर्चा कर रहा था।

उन्होंने बताया कि इस दौरान तेज रफ्तार एक बाइक पर दो लोग वहां आए और उनकी बाइक का हैंडल रंजीत के बेटे बबलू को छू गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद बाइक सवारों ने अपने दोस्तों को बुलाया, जिन्होंने रंजीत के घर पर पथराव और कांच की बोतलें फेंकी और मौके पर जमकर हंगामा किया।

अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें भीड़ पीड़ित के घर पर पथराव करती दिख रही है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में शिकायतकर्ता की बहन शामकली और उर्मिला नाम की महिला को चोटें आईं हैं। उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, ऐसा आरोप है कि डीके उर्फ डिग्गी, राजा, दीपू, हर्षू, पेप्सू, कालू और उसके साथी हमलावरों में शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है और दंगा, मारपीट आदि का आपराधिक मामला दर्ज कर मामले की जांच चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\