खेल की खबरें | चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में छाया क्रिकेट का खुमार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में क्रिकेट का खुमार छाया है और प्रशंसक बुधवार से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं ।
कराची, 17 फरवरी चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में क्रिकेट का खुमार छाया है और प्रशंसक बुधवार से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं ।
कई क्रिकेटप्रेमी निराश हैं कि भारतीय टीम अपने मैच पाकिस्तान में नहीं खेल रही है ।
कराची के सदर इलाके में मशहूर जेनब मार्केट के दुकानदार मोईज अहमद ने कहा ,‘‘ यह निराशाजनक है क्योंकि भारतीय टीम और खिलाड़ियों खासकर विराट कोहली को यहां काफी पसंद किया जाता है ।’’
मोईज पाकिस्तानी टीम के साथ भारतीय क्रिकेट जर्सी की मांग को लेकर हैरान हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ विराट कोहली के यहां बड़े प्रशंसक हैं ।’’
कॉलेज के छात्र काशिफ ने कहा कि वह हमेशा से कोहली के मुरीद रहे हैं । उन्होंने कहा ,‘‘ वह काफी विनम्र है जैसा कि हम मीडिया में देखते हैं ।’’
जब भी क्रिकेट या फुटबॉल का कोई बड़ा टूर्नामेंट होता है तो जेनब मार्केट के दुकानदार टीम जर्सियों की असल और कॉपी बेचने के लिये मशहूर हैं ।
एक दुकानदार जावेद पखाली ने कहा ,‘‘ मैने पिछले तीन दिन में चार से पांच हजार शर्ट बेच दी हैं जो भारत और पाकिस्तान की टीम की है ।’’
मैचों के दौरान दर्शक दीर्घा में कोहली की तस्वीर वाली शर्ट या उनके नाम छपी हुई शर्ट पहनने से हिचकिचाते नहीं हैं ।
सोमवार को पाकिस्तानी टीम का अभ्यास सत्र देखने के लिये नेशनल स्टेडियम पर काफी भीड़ थी । पाकिस्तान में 29 साल बाद इस स्तर का कोई टूर्नामेंट हो रहा है हालांकि 2023 में एशिया कप के कुछ मैच हुए थे लेकिन इतनी दीवानगी नहीं थी ।
पीसीबी और आईसीसी ने रविवार को सादगीपूर्ण उद्घाटन समारोह का आयोजन किया लेकिन कराची में काफी उत्साह है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)