देश की खबरें | चंडीगढ़ पुलिस ने पुलिसकर्मियों के साथ हिंसक झड़प में शामिल 10 लोगों की तस्वीर जारी कीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों के साथ हिंसक झड़प में कथित रूप से शामिल 10 लोगों की तस्वीर जारी की और लोगों से इनके बारे में कोई भी जानकारी साझा करने को कहा।
चंडीगढ़, 11 फरवरी चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों के साथ हिंसक झड़प में कथित रूप से शामिल 10 लोगों की तस्वीर जारी की और लोगों से इनके बारे में कोई भी जानकारी साझा करने को कहा।
सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास की ओर जाने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा रोके जाने पर सेक्टर 52-53 के मार्ग (डिवाइडिंग रोड) पर आठ फरवरी को उनकी चंडीगढ़ पुलिस के साथ झड़प हुई थी।
पुलिस ने प्राथमिकी में कौमी इंसाफ मोर्चा से जुड़े सिख कैदियों की रिहाई के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे सात लोगों को नामजद किया और कई अज्ञात व्यक्तियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), शस्त्र अधिनियम सहित 17 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ पुलिस ने प्राथमिकी में उल्लेख किया कि हिंसक झड़प के दौरान खालिस्तान के समर्थन में नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर एक आंसूगैस के गोले दागने वाली बंदूक और उसके गोले छीन लिये तथा पुलिसकर्मियों को मारने का प्रयास किया।
चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को एक सार्वजनिक नोटिस में 10 आरोपियों की तस्वीरें जारी कीं और जनता से उनके बारे में कोई भी जानकारी साझा करने को कहा।
पुलिस ने कहा कि मुखबिर को 10,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
कौमी इंसाफ मोर्चा के बैनर तले पंजाब के विभिन्न हिस्सों से लोग सात जनवरी से चंडीगढ़-मोहाली सीमा के पास वाईपीएस चौक पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)