देश की खबरें | न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में चुनौतियां भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं: न्यायमूर्ति कौल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस के कौल ने सोमवार को कहा कि न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में चुनौतियां एक-दूसरे से जुड़ी दुनिया में भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं और वैश्विक दक्षिण सामूहिक ज्ञान का लाभ उठाने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने सहित एकजुट होकर भौगोलिक सीमाओं से परे नवीन समाधानों का पता लगा सकता है।

नयी दिल्ली, 27 नवंबर उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस के कौल ने सोमवार को कहा कि न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में चुनौतियां एक-दूसरे से जुड़ी दुनिया में भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं और वैश्विक दक्षिण सामूहिक ज्ञान का लाभ उठाने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने सहित एकजुट होकर भौगोलिक सीमाओं से परे नवीन समाधानों का पता लगा सकता है।

वैश्विक दक्षिण (साउथ ग्लोबल) शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

कानूनी सहायता तक पहुंच विषय पर राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति कौल ने यह भी कहा कि न्याय की खोज में कानूनी सहायता के महत्व को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं बताया जा सकता क्योंकि यह सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है जो निष्पक्षता, समानता और कानून के शासन के सिद्धांतों को कायम रखती है।

न्यायमूर्ति कौल ने कहा, "एक ऐसी दुनिया में जो तेजी से आपस में जुड़ी हुई है, न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में हमारे सामने आने वाली चुनौतियां भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। एक साथ आकर हम सामूहिक ज्ञान का लाभ उठा सकते हैं, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा कर सकते हैं और भौगोलिक सीमाओं से परे नवीन समाधानों का पता लगा सकते हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि हमें अपने लोगों को समझने और उनका बेहतर प्रतिनिधित्व करने के लिए अपने कार्यों और दृष्टिकोण को विकसित करना चाहिए।’’

नालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति कौल ने कहा, ‘‘हर किसी की अच्छे वकील तक पहुंच होनी चाहिए, हमारा ध्यान सभी स्तरों पर विवाद समाधान और प्रभावी शासन तंत्र को सक्षम करने पर है।’’

उन्होंने कहा, "हम अलग-अलग पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक मानदंडों से आते हैं, लेकिन कानूनी सहायता तक पहुंच में आसानी सुनिश्चित करना हमारा एक समान उद्देश्य है। हमारा लक्ष्य इस बात पर आम सहमति बनाना है कि कैसे कानूनी सहायता लोगों की जरूरतों पर केंद्रित हाशिये पर पड़े लोगों के लिए आशा की किरण है।"

न्यायमूर्ति कौल ने कहा कि सम्मेलन वैश्विक दक्षिण के 70 देशों के प्रधान न्यायाधीशों को एक साथ लेकर आया है और यह सबसे प्रभावी प्रथाओं एवं वर्षों के अनुभव से प्राप्त अंतर्दृष्टि के आदान-प्रदान का लाभ उठाने का एक दुर्लभ अवसर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now