देश की खबरें | चक्रवाती तूफान ‘दाना’ से प्रभावित राज्यों को पूरी सहायता प्रदान करे केंद्र: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर शुक्रवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह संकट की इस घड़ी में प्रभावित राज्यों को पूरी सहायता प्रदान करे।
नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर कांग्रेस ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर शुक्रवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह संकट की इस घड़ी में प्रभावित राज्यों को पूरी सहायता प्रदान करे।
पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान भी किया कि वे प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद का हरसंभव प्रयास करें।
भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ ने बृहस्पतिवार देर रात ओडिशा के तट पर दस्तक दी। ओडिशा और कुछ अन्य राज्यों में भारी बारिश हुई है।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चक्रवात दाना के ओडिशा में पहुंचने और पश्चिम बंगाल और अन्य पूर्वी तटीय क्षेत्रों पर इसके प्रभाव के लिए अत्यधिक तैयारी और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है। केंद्र सरकार को सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक निवारक और आपातकालीन उपाय करते हुए प्रभावित राज्यों को व्यापक समर्थन देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने की अपील करता हूं।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘चक्रवात दाना का ओडिशा के तटों पर आगमन, पश्चिम बंगाल और अन्य पूर्वी तट के प्रदेशों में इसका असर और मौसम विभाग की चेतावनी एक गंभीर प्राकृतिक आपदा का अंदेशा है। प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से आग्रह है कि वो प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं को सुरक्षित दायरे में रखें।’’
उनका कहना था कि केंद्र सरकार से अपेक्षा है कि वो इस संकट की घड़ी में प्रभावित राज्यों को पूर्ण सहायता प्रदान करे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा के लिए और किसी भी तरह के नुकसान की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। कांग्रेस के साथियों से अनुरोध है कि स्वयं को सुरक्षित रखते हुए राहत कार्यों में प्रशासन की पूरी मदद करें। इस संकट का देश को एकजुट हो कर सामना करना है।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)