जरुरी जानकारी | केंद्र ने आपदा मोचन कोष के तहत राज्यों को 7,532 करोड़ रुपये जारी किये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वित्त मंत्रालय ने देश के उत्तरी भागों में बारिश से हो रहे नुकसान के बीच बुधवार को राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के तहत 22 राज्य सरकारों को 7,532 करोड़ रुपये जारी किये।
नयी दिल्ली, 12 जुलाई वित्त मंत्रालय ने देश के उत्तरी भागों में बारिश से हो रहे नुकसान के बीच बुधवार को राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के तहत 22 राज्य सरकारों को 7,532 करोड़ रुपये जारी किये।
वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों को यह राशि गृह मंत्रालय की सिफारिशों के अनुसार जारी की गई है।
बयान के अनुसार, देशभर में भारी बारिश को देखते हुए दिशानिर्देशों में ढील दी गई है। पिछले वित्त वर्ष में राज्यों को प्रदान की गई राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र की प्रतीक्षा किये बिना राज्यों को तत्काल सहायता के रूप में राशि जारी की गई है।
पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत देश के उत्तरी भाग में भारी क्षति हुई है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 48 (1) (ए) के तहत प्रत्येक राज्य में राज्य आपदा मोचन कोष का गठन किया गया है। यह कोष अधिसूचित आपदाओं से निपटने के लिये राज्य सरकारों के लिये उपलब्ध प्राथमिक कोष है।
केंद्र सरकार सामान्य राज्यों के मामले में एसडीआरएफ में 75 प्रतिशत और पूर्वोत्तर तथा हिमालयी राज्यों में 90 प्रतिशत योगदान देती है।
वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार, वार्षिक केंद्रीय योगदान दो समान किस्तों में जारी किया जाता है।
दिशानिर्देशों के अनुसार, पिछली किस्त में जारी राशि को लेकर उपयोग प्रमाण पत्र प्राप्त होने और एसडीआरएफ की गतिविधियों को लेकर राज्य सरकार से रिपोर्ट मिलने पर राशि जारी की जाती है।
हालांकि, वर्तमान हालात को देखते हुए इस बार कोष जारी करते समय इन आवश्यकताओं से छूट दी गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)