देश की खबरें | केंद्र ने दिल्ली में कोविड-19 का इलाज कर रहे निजी अस्पतालों का निरीक्षण करने के लिए बनायी 10 टीमें
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 16 नवंबर केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मरीजों का उपचार कर रहे निजी अस्पतालों का दौरा करने के लिए 10 बहु-विषयक टीमों का गठन किया है। ये टीमें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार द्वारा जारी विभिन्न निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर गौर करेंगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के सोमवार को एक आदेश के मुताबिक टीमें तुरंत अपना दौरा शुरू करेंगी और दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्टें सौंपेंगी।

यह भी पढ़े | योगी सरकार का बड़ा फैसला, UP के श्रद्धालुओं के लिए बद्रीनाथ और हरिद्वार में बनेगा अतिथिगृह.

आदेश में कहा गया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सभी निजी अस्पतालों में ये टीम दौरा करेंगी और वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय तथा दिल्ली सरकार द्वारा जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर गौर करेंगी।

दिल्ली में संक्रमण के मामलों में तेज बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में रविवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिए गए फैसले के तहत बहु-विषयक टीमों का गठन किया गया है।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल से नवजात बच्च चोरी: 16 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

एक अतिरिक्त टीम भी गठित की गयी है और उसे जरूरत होने पर तैयार रहने को कहा गया है। टीमों को कोविड-19 का इलाज कर रहे करीब 114 निजी अस्पतालों का दौरा करने का काम सौंपा गया है।

ये टीम निजी अस्पतालों का दौरा कर, दिल्ली सरकार के आदेश के तहत वार्ड और आईसीयू बेड की उपलब्धता, बेड के बारे में दी जाने वाली सूचना और पालन किए जाने वाले नियमों की स्थिति पर गौर करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)