देश की खबरें | कैप्टन करमजीत बख्शी का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, बृहस्पतिवार को होगा अंतिम संस्कार

रांची, 12 फरवरी जम्मू में आईईडी विस्फोट में जान गंवाने वाले कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी का पार्थिव शरीर बुधवार शाम यहां लाया गया।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर कैप्टन बख्शी को श्रद्धांजलि दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पार्थिव शरीर को रामगढ़ कैंट स्थित पंजाब रेजिमेंट सेंटर ले जाया जाएगा। अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को राज्य के हजारीबाग जिले में उनके पैतृक स्थान पर होगा।

कैप्टन बख्शी उन दो सैन्यकर्मियों में शामिल थे, जिनकी मंगलवार को अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के निकट संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए गए एक आईईडी विस्फोट में जान चली गई थी तथा एक अन्य घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि जवान गश्त पर थे, तभी दोपहर करीब 3:50 बजे जम्मू जिले के अखनूर के भट्टल इलाके में एक अग्रिम चौकी के पास शक्तिशाली विस्फोट हुआ।

गंगवार ने कहा, "युवक ने देश के लिए अपना बलिदान दिया। हम उनके परिवार के सदस्यों के साथ खड़े हैं।"

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जम्मू में आईईडी विस्फोट में कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी और एक जवान की मृत्यु पर बुधवार को शोक जताया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सैन्यकर्मियों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

सोरेन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "जम्मू के अखनूर में सर्च ऑपरेशन के दौरान झारखण्ड से कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी और सेना के एक और जवान के शहीद होने की दुःखद खबर मिली। प्रभु शहीद जवानों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।’’

मरांडी ने 'एक्स' पर लिखा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में एक आईईडी विस्फोट में सेना के जवान, हजारीबाग के बेटे कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी के शहीद होने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें। कृतज्ञ राष्ट्र के रूप में हम सदैव करमजीत जी की शहादत के ऋणी रहेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)