नयी दिल्ली, सात मार्च भारत ने शुक्रवार को ब्रिटेन से कहा कि वह लंदन में विदेश मंत्री एस जयशंकर की सुरक्षा में व्यवधान डालने वाले खालिस्तान समर्थक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे। इसने कहा कि यह घटना ऐसी ताकतों को दिए गए ‘‘लाइसेंस’’ को दर्शाती है।
जयशंकर बुधवार शाम जब चैथम हाउस में एक संवाद सत्र के समापन के बाद वहां से निकल रहे थे, तो खालिस्तान समर्थक एक प्रदर्शनकारी ने अवरोधक तोड़ने का प्रयास किया, जबकि कुछ अन्य ने भारत विरोधी नारे लगाए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान ब्रिटेन में मौजूद अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न किए जाने के बारे में ब्रिटेन के अधिकारियों को अपनी गहरी चिंता से अवगत कराया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना का एक बड़ा परिप्रेक्ष्य है। यह ऐसी ताकतों को दिए गए लाइसेंस के साथ-साथ उनकी धमकी, डराने-धमकाने और ब्रिटेन में हमारी वैध राजनयिक गतिविधियों में बाधा डालने के उद्देश्य से की गई अन्य कार्रवाइयों के प्रति उदासीनता को भी उजागर करता है।’’
जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत ने इस मामले पर ब्रिटेन के विदेश कार्यालय द्वारा जारी बयान पर गौर किया है, लेकिन इसकी गंभीरता के बारे में हमारा नजरिया इस मामले तथा पिछले अवसरों पर दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर निर्भर करेगा।’’
विदेश कार्यालय ने घटना की निंदा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY