देश की खबरें | महाराष्ट्र के नासिक में लड़के का अपहरण, कुछ घंटे बाद मुक्त

नासिक, छह जनवरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में 12 साल के एक लड़के का कथित रुप से अपहरण कर लिया गया और बाद में उसे छोड़ दिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह वारदात सिन्नार के कालेवडा इलाके में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे हुई जब लड़का अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।

उन्होंने कहा कि काले कपड़े में आये कुछ व्यक्तियों ने इस लड़के को जबर्दस्ती अपनी कार में बिठा लिया , जिस पर अन्य बच्चों ने शोर मचाया और फिर आसपास के लोगों ने गाड़ी का पीछा किया।

अधिकारी ने बताया कि लड़के के पिता ने सिन्नार पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जिसके बाद जिले के विभिन्न हिस्सों में जांच चौकियां बनायी गयीं।

उन्होंने बताया कि करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर रखने के बाद अपहर्ताओं ने देर रात करीब डेढ़ बजे लड़के को उसके घर के पास छोड़ दिया।

लड़के ने बताया कि उसे कार से कोपडी इलाके में ले जाया गया और उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी गयी थी। उसने बताया कि उसे दोपहिये वाहन से बारागांव पिंपरी शिवर ले जाया गया और फिर उसे छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)