देश की खबरें | मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाएगी, विविध अभियान चलाएगी भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ आयोजित करेगी और इसके तहत वह रक्तदान शिविर लगाएगी, स्वच्छता अभियान चलाएगी तथा ‘‘विविधता में एकता’’ उत्सव मनाएगी।

नयी दिल्ली, 16 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ आयोजित करेगी और इसके तहत वह रक्तदान शिविर लगाएगी, स्वच्छता अभियान चलाएगी तथा ‘‘विविधता में एकता’’ उत्सव मनाएगी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की जयंती तक आयोजित होने वाले इस ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ का मुख्य उद्देश्य ‘‘गरीबों, शोषितों, वंचितों तक पहुंच सुनिश्चित करना और उनके जीवन में गुणात्मक सुधार लाना है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता देश के सभी जिलों में ‘‘विविधता में एकता’’ उत्सव मनाएंगे और ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ का संदेश देंगे।

सिंह ने बताया कि इस पखवाड़े के दौरान पार्टी कार्यकर्ता पौधारोपण, स्वच्छता और जागरूता अभियान भी चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता दिव्यांग जनों के बीच उपकरणों का वितरण करेंगे, खादी के उत्पादों को प्रोत्साहित करेंगे और मुफ्त स्वास्थ्य जांच केंद्र लगाएंगे।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में गरीबों और वंचितों का कल्याण है।’’

प्रधानमंत्री के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को भाजपा राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय से लेकर सभी राज्य मुख्यालयों और जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाएगी। केंद्रीय मुख्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा करेंगे।

इस अभियान के तहत दो अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जन को खादी का उपयोग करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस अभियान की निगरानी करने के लिए भाजपा ने सिंह के नेतृत्व में आठ सदस्यीय समिति भी नियुक्त की है।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को भाजपा ‘‘सेवा दिवस’’ के रूप में मनाती रही है और इस अवसर पर सेवा संबंधी क्रियाकलापों का आयोजन करती रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now