देश की खबरें | भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने उच्चतम न्यायालय से मिली राहत पर खुशी जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार झूठे मामलों के जरिये उनकी आवाज दबाना चाहती है लेकिन वह उसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।
कोलकाता, चार अगस्त पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार झूठे मामलों के जरिये उनकी आवाज दबाना चाहती है लेकिन वह उसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।
भाजपा नेता अधिकारी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कलकत्ता उच्च न्यायायल के आदेश को दरकिनार करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश की प्रशंसा की। उच्च न्यायालय ने कहा था कि यदि पश्चिम बंगाल पुलिस इस बात से संतुष्ट है कि अपराध हुआ है तो वह उनके (अधिकारी के) खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सकती है। अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उनपर विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ राज्य सरकार विभिन्न बहानों से एक-एक कर मेरे खिलाफ मामले दर्ज कर रही है। मैं बस इतना कहूंगा कि वह विपक्ष के नेता के रूप में मेरी आवाज बंद करना चाहती है।’’
उन्होंने कहा कि वह उच्चतम न्यायालय के फैसले से खुश हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने हालांकि कहा कि अधिकारी आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। तृणमूल के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने कहा, ‘‘ वह पिछले कुछ समय से आपत्तिजनक और नफरतभरे भाषण दे रहे हैं। हमें यकीन है कि अदालत उस पर संज्ञान लेगी।’’
शीर्ष अदालत ने अधिकारी की अपील पर निर्देश दिया है। अधिकारी ने उच्च न्यायालय की खंडपीठ के 20 जुलाई के आदेश को चुनौती दी थी।
उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि 20 जुलाई के आदेश में अंतरिम निर्देश जारी करने से पहले यदि इस मामले में अधिकारी को जवाबी हलफनामा दाखिल करने का मौका दिया जाता-- तो यह उच्च न्यायालय के लिए बेहतर होता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)