देश की खबरें | दिल्ली में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने के लिए भाजपा की नजर महापौर के चुनाव पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हाल ही में विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद, दिल्ली में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजर महापौर के पद पर है।

नयी दिल्ली, 12 फरवरी हाल ही में विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद, दिल्ली में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजर महापौर के पद पर है।

महापौर के लिए चुनाव अप्रैल में होने हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) ने पिछले साल नवंबर में हुए महापौर चुनाव में तीन मतों से जीत हासिल की थी।

भाजपा नेताओं ने बुधवार को कहा कि भाजपा आसानी से अपने पार्षद को महापौर बनवा सकती है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 48 सीट जीतने वाली भाजपा के पास दिल्ली नगर निगम में 14 मनोनीत सदस्यों में से 10 होंगे जबकि ‘आप’ के पास चार होंगे। इसके अलावा, ‘आप’ के कई पार्षद नयी सरकार के तहत अपने वार्डों के विकास के लिए भाजपा में आने को तैयार हैं।’’

अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम में ‘आप’ के 121 पार्षदों में से तीन ने विधानसभा चुनाव जीता, जबकि भाजपा के 120 पार्षदों में से आठ सदन के लिए चुने गए।

नगर निगम के 2022 के चुनावों में, ‘आप’ ने 134 वार्ड में जीत दर्ज की थी, भाजपा ने 104, कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन वार्ड में जीत हासिल की थी।

भाजपा नेताओं के अनुसार, महापौर का चुनाव पार्टी को दिल्ली के लोगों की सेवा करने के लिए ‘‘ट्रिपल इंजन सरकार’’ बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा कि दिल्ली के सात सांसद, ‘आप’ पार्षदों के पाला बदलने का अनुमान और मनोनीत सदस्य के तौर पर आठ विधायकों के नियुक्त होने से यह स्पष्ट है कि पार्टी महापौर का पद जीतेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आप के कई पार्षद हमसे संपर्क कर चुके हैं, लेकिन हमने उन्हें अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया है। नवंबर में हुए महापौर चुनाव में आप के कई पार्षदों ने भाजपा उम्मीदवार को वोट दिया था।’’

भाजपा लगभग 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर पांच फरवरी को हुए चुनाव में उसने 48 सीट जीती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें